कोसली। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को स्थानीय शहीद मेजर विकास यादव राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य 2047 थीम पर बिजली महोत्सव आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने दीप प्रज्वल के साथ किया। विधायक का स्वागत एसडीएम होशियार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हुकम चंद यादव, वीर कुमार यादव समेत अन्य ने किया।
कोसली विधायक ने कहा कि प्रधान मंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आज हर घर में निर्बाध रूप से बिजली मिल रही है। गत आठ वर्षों में सरकार द्वारा देश और प्रदेश के गांवों में शत प्रतिशत बिजली पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है, जिसमें बिजली निगम के साथ - साथ नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग का भी सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बात की जाए तो 140 गांवों और ढाणियों में बिजली के तार, ट्रांसफार्मर और नई लाइनें डालकर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य उत्सव 2047 को लेकर सरकार द्वारा जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं,सरकार की सोच है कि बिजली के मामले में किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की परेशानी ना हो पाए। उन्होंने स्कूल प्राचार्य को निर्देश दिए कि स्कूल की कोई मांग है तो उसे डीईओ के साथ चर्चा करके उनके संज्ञान में लाएं।
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता एम एल रोहिल्ला और कार्यकारी अभियंता अमित कंबोज ने सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए बिजली निगम की योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि आज कोसली क्षेत्र में बिजली की समस्याओं को लेकर त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर का प्रयोग कर घर बैठे समाधान करा सकते हैं।
इस कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर ऊर्जा मंत्रालय और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिजली महोत्सव में स्कूली छात्राओं ने बिजली निगम की उत्थान, सक्षम, दक्ष, दृष्टि, परिवर्तन, उत्साह और नूतन सरीखी योजनाओं और बिजली संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक व अन्य कार्यक्रम पेश किए। मुख्य अतिथि ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव,भाजपा जिलाध्यक्ष मा हुकमचंद वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार यादव,सीएमजीजीए अमन वालिया, तहसीलदार जितेंद्र कुमार,सीएम एमिनेंट पर्सन रमेश शर्मा,प्राचार्य चंद्र प्रकाश आर्य,बिजली विभाग के एचडीएम विक्रम सिंह,एसडीओ दीपक कुमार,विक्रम सिंह,जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता अशोक यादव,रुखसाना आदि रहे।