राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 71 पर बुधवार रात दो स्थानाें गांव बीकानेर और पुलिस लाइन के पास गो तस्करों और पुलिस की अलग- अलग टीम के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। गो तस्कर पुलिस टीम पर दनादन गोलियां बरसाकर फरार हो गए। अचरज की बात यह रही पुलिस लाइन के पास भी घेराबंदी तोड़कर आरोपी आसानी से फरार हो गए, जबकि पुलिस टीम हाथ मलती रह गई। गो तस्करों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया था।
सीआईए टीम बुधवार रात गांव बीकानेर के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक पिकअप गाड़ी में झज्जर की ओर से गायों को भरकर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 71 पर गांव बीकानेर के निकट नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ समय बाद झज्जर की ओर से आ रही पिकअप गाड़ी को पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी का चालक पुलिसकर्मियों का घेरा तोड़कर भाग निकला। तस्करों को भागते देख पुलिस ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आते देख गो तस्करों ने फायरिंग की और गाड़ी में रखे पत्थर से पथराव कर दिया। पुलिस ने भी अपना बचाव करते हुए फायरिंग की।
तस्करों के हमले की सूचना के बाद पुलिस ने हाईवे नंबर 71 पर ही पुलिस लाइन के पास नाकाबंदी कर दी। तस्करों ने यहां पर पुलिस की नाकाबंदी तोड़ डाली तथा पुलिस टीम पर गोलियां बरसाईं। इतना ही नहीं, पुलिस टीम के पीछा करने पर तस्करों ने उनकी जिप्सी को टक्कर मारकर पलटने का प्रयास तक किया।
पुलिस की दोनों स्थानों पर घेराबंदी तोड़कर हमलावर आसानी से फरार हो गए, जबकि पुलिस हाथ मलती रह गई। थाना सदर पुलिस ने इन दोनों मामलों में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।