रेवाड़ी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के सरकारी महिला रीजनल सेंटर कृष्ण नगर में फेयरवेल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान बीए फाइनल की पलक, बीएससी फाइनल की अदिति, बीकॉम ऑनर्स फाइनल की ममता, एमए अंग्रेजी की मंजू तथा एमए राजनीति विज्ञान की कोमल को मिस फेयरवेल चुना गया। इन छात्राओं ने टंग ट्विस्टर, पेंटिंग, कप पिरामिड और रैम्प वॉक जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा मनीषा, मुस्कान, सावित्री, निकिता, ममता यादव सहित अन्य छात्राओं ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पुरस्कार हासिल किए।
कार्यक्रम का मंच संचालन द्वितीय वर्ष की छात्राओं मनीषा, पिंकेश, प्रीति, टीना, रशिका, तनु और पलक ने शेर-ओ-शायरी के साथ प्रभावी ढंग से किया, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना युवाओं का कर्तव्य है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने ज्ञान और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें।
इस अवसर पर डॉ. अनिता देवी ने छात्राओं की सुविधा के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन भेंट की। अंत में डॉ. अनिल कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।