दिल्ली-जयपुर हाइवे नंबर आठ पर गांव संगवाडी के निकट एक कार सवार करीब छह बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर पशु व्यापारियों से नगदी और मोबाइल छीनने के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान नूहं जिला के बिशर निवासी सुनील के रूप में हुई है, जिसे पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गढ़ी बोलनी चौकी प्रभारी एएसआई सुशीला ने बताया कि राजस्थान के भरतपुर जिला के गांव छपरा निवासी शहजाद ने शिकायत में बताया था कि वह अपने ट्रक में भैंस और कटड़े भरकर शाहपुरा से उत्तर प्रदेश जा रहा था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रात को संगवाडी पुल के नजदीक कार सवार कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को रुकवा लिया। पिस्तौल के दम पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उससे करीब 32 हजार रुपये व दो मोबाइल छीन कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल ने सीआईए धारूहेड़ा और थाना कसौला पुलिस को बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीआईए धारूहेड़ा ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयोग की गई कार को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड लिया है, जिससे आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा सके।