संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने रेलवे अस्पताल, अमृत भारत प्रोजेक्ट के कार्यों और लॉबिंग कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने लॉबिंग कार्यालय में लोको पायलट व गार्ड की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए निर्देश दिए।
महाप्रबंधक के दौरे के दौरान आरपीएफ, जीआरपी सतर्क रही। प्रतिदिन सर्कुलेटिंग एरिया में अवैध रूप से नो पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों को हटवाया गया। महाप्रबंधक ने अस्पताल के स्टाफ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रेलवे अस्पताल की दीवारों पर सीलन व अस्पताल में गंदगी को देखकर नाराजगी जताई। रेलवे के अधिकारियों को अस्पताल की मरम्मत कराने और सही से सफाई कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में खाली जगह पर पौधरोपण करवाने के निर्देश दिए। अस्पताल की नर्सों व स्टाफ सदस्यों ने रात के समय ड्यूटी के बाद घर जाते समय असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता करने की शिकायत महाप्रबंधक से की। उन्होंने रेलवे उच्चाधिकारियों को अस्पताल के आस-पास सीसीटीवी लगवाने के भी निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने रेवाड़ी जंक्शन एआरओ जितेंद्र यादव को सप्ताह में 1 बार रेलवे अस्पताल का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने अमृत भारत प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पर 1 एंट्री व 1 एग्जिट बनाने और सर्कुलेटिंग एरिया में यूरिनल न होने से यात्रियों को हो रही परेशानी के सवाल पर उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में यूरिनल बनवाने की बात कही। वहीं, उन्होंने लॉबिंग कार्यालय में गार्ड व लोको पायलट से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। गार्ड व लोको पायलट ने महाप्रबंधक से क्वार्टर की मरम्मत न होने व क्वार्टर में गंदा पानी आने और रनिंग स्टाफ को अच्छा खाना न मिलने की बात कही। इस पर उन्होंने रेलवे उच्चाधिकारियों को इन समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान के निर्देश दिए।