बाइकर्स गैंग का खौफ जिला में बढ़ता जा रहा है। घर के बाहर व अंदर खड़ी बाइकों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान जिला के विभिन्न स्थानों से 8 दोपहिया वाहन चोरी हो चुके हैं, लेकिन पुलिस किसी भी मामले में आरोपी को काबू नहीं कर पाई है। सोमवार की रात को भी बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर- 3 में एक कंपनी की पार्किंग में से दो बाइक चोरी कर ली। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने विरोध किया तो पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर- 3 की एक कंपनी के बाहर पार्किंग बनाई गई है। रात को एक बाइक पर तीन युवक आए तथा दो युवक पार्किंग में जाकर बाइक चोरी कर ले जाने लगे तो सुरक्षा गार्ड वहां पहुंच गया। सुरक्षा गार्ड ने बाइक ले जाने से रोका तो दोनों युवकों ने पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों युवक बाइक लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कंपनी के गेट पर लगे सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। जिन कर्मचारियों की बाइक चोरी हुई है उनमें यूपी के मेरठ निवासी पंकज व बधराना गांव के धर्मबीर शामिल हैं। कसौला थाना पुलिस ने बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी ओर औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
मुकदमा दर्ज कर लिया, जल्द काबू होंगे आरोपी: एसएचओ
कसौला थाना प्रभारी सर्वेष्ठा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।