रेवाड़ी। औद्योगिक कस्बा स्थित लाइफ लांग कंपनी में करनाल के मधुबन से फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम जांच के लिए पहुंची। टीम ने कंपनी के अधिकारियों और धारूहेड़ा पुलिस से घटना के संबंध में बातचीत की।
एफएसएल टीम के डाॅ. बंसत, प्यारेलाल, रविंद्र, डीएसपी नरेंद्र, थाना प्रभारी जगदीश ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान साक्ष्य भी जुटाए। धारूहेड़ा थाना प्रभारी जगदीश ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर एसआइटी बनाई है। मधुबन से आई टीम ने बुधवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया है। टीम के सदस्यों ने अपनी रिपोर्ट तैयार की है। गत 16 मार्च की शाम को कंपनी में डस्ट कलेक्टर की पाइप के फटने से 39 कर्मचारी झुलसे थे। इसके चलते मुख्यमंत्री नायब सैनी के आदेश पर विशेष जांच दल एसआइटी बनाई हुई है। जिला प्रशासन की टीम अपनी जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंप चुकी है। लाइफ लांग कंपनी में हादसा होने के बाद 10 श्रमिकों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 23 श्रमिकों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था।
श्रमिकों की हालत में हो रहा सुधार
नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में उपचाराधीन झुलसे श्रमिकों की हालत में सुधार हो रहा है। अधिकतर श्रमिक घर जा चुके हैं लेकिन अभी नागरिक अस्पताल में तीन श्रमिक भर्ती हैं। उन्हें भी एक-दो दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है। नागरिक अस्पताल में अभी बिहार के जिला बक्सर स्थित गांव तिहरा के रहने वाले मनीष, उत्तर प्रदेश में अयोध्या के गांव जखौला के रहने वाले प्रीतम और बहराइच जिले के गांव पचदेवरी के रहने वाले संजय का उपचार चल रहा है। तीनों श्रमिकों की स्थिति में सुधार हो रहा है। स्वास्थ्य कर्मचारी दिन में तीन से चार बार घावों पर दवा लगा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनके साथ काम करने वाले 14 साथी की मौत हो चुकी है।
मृतक आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग
ताऊ देवीलाल पार्क में ट्रेंड यूनियन कौंसिल की बैठक टीयूसी के संयोजक संगठन के राज्य महासचिव अनिल पवार की अध्यक्षता में हुई। इसमें घटना के दोषियों को गिरफ्तार करने, मृतक आश्रितों को एक -एक करोड़ रुपये और घायलों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई। कहा कि चार अप्रैल को उपायुक्त से टीयूसी के पधाधिकारी व सदस्य मिलेंगे। बैठक में अनिल पवार, जसपाल राणा, श्रवण कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र तिवारी, होम सिंह लाठर, श्याम सुंदर मिश्रा, वजीर कुमार, नरेश कुमार मौजूद रहे।