बावल के मोहल्ला गुजरान चौक निवासी शुक्रवार रात से लापता करीब 32 वर्षीय हलवाई का शनिवार सुबह अधजला शव बरामद हुआ। शव के पास ही खून से सने हुए पत्थर भी बरामद हुए हैं। अधजला शव मिलने से शहर में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद डीएसपी राजेश कुमार पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गए तथा फोरेंसिक एक्सपर्ट से भी शव का मुआयना कराया। मृतक के भाई ने बावल निवासी हलवाई व एक अन्य युवक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए बावल थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह बावल थाना पुलिस को सूचना मिली कि अनाज मंडी के समीप एक युवक का शव जली हुई हालत में पड़ा हुआ है। सूचना के बाद बावल डीएसपी राजेश कुमार व बावल थाना एसएचओ एसआई धर्मबीर सिंह मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। मृतक की शिनाख्त बावल के मोहल्ला गुजरान चौक निवासी नरेंद्र उर्फ सोनू के रूप में हुई। मृतक के भाई राजेश व भतीजे जितेंद्र ने शव की शिनाख्त की।
-हलवाई के साथ गया था नरेेंद्र
मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई नरेंद्र उर्फ सोनू गुजरान चौक निवासी समुंद्र हलवाई के साथ सहायक हलवाई का काम करता था। अलवर के गांव डिंगली निवासी अजीत भी समुंद्र व नरेंद्र के साथ काम करता था। चार फरवरी को दोनों समुंद्र हलवाई के साथ गांव रूध में काम करने गए थे तथा वापस घर नहीं आए। पूछताछ में समुंद्र ने बताया कि वह रात को नरेंद्र व अजीत को गुजरान चौक पर छोड़ कर अपने घर चला गया था। उसके बाद नहीं पता दोनों कहां गए। शनिवार सुबह शव मिलने की सूचना के बाद वह अनाज मंडी में पहुंचे। राजेश ने समुंद्र व अजीत पर उसके भाई नरेंद्र की हत्या कर शव को जलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया तथा समुंद्र व राजेश के खिलाफ हत्या व सबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो लोगों को हिरासत में पुलिस कर रही पूछताछ
मृतक के भाई आरोपों के बाद बावल थाना पुलिस ने हलवाई व एक अन्य को पूछताछ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
-
मृतक के भाई की शिकायत के बाद पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ के मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वारदात स्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-राजेश कुमार, डीएसपी बावल।