रेवाड़ी। उद्घाटन और शिलान्यास समारोह में सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने ऐसी व्यवस्था कायम की है कि हम सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मोबाइल और कम्प्यूटर के माध्यम से घर बैठे ले पा रहे हैं। देश-प्रदेश के विकास में पिछले 10 साल के कार्यकाल में रेवाड़ी जिला निरंतर भागीदार बना हुआ है। बनवारी लाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मनोहर सरकार के करीब 10 साल के कार्यकाल में दक्षिणी हरियाणा के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना है। सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए हरियाणा प्रदेशवासियों को पर्ची-खर्ची, क्षेत्रवाद, जातिवाद, भाई भतीजावाद, असमान विकास, भ्रष्टाचार की बेड़ियों से मुक्त करवाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे को चरितार्थ किया है। वहीं, कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में एक समान विकास हो रहे हैं। दक्षिणी हरियाणा में हर खेत की टेल तक पानी पहुंचाया गया है ताकि किसानों को खेतों की सिंचाई करने में परेशानी न आए। कहा कि वर्तमान सरकार की ओर से फसलों पर सबसे ज्यादा एमएसपी दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जी-20 के दौरान दुनिया का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार जनता के द्वार पर है। पिछले 10 वर्षों में पूरे हरियाणा की बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है।