रेवाड़ी। जिले में दो लोगों को ऑनलाइन वाहन खरीद के नाम पर ठगों ने पौने पांच लाख रुपये की चपत लगा दी। एक व्यक्ति ने फेसबुक के जरिये स्विफ्ट डिजायर गाड़ी खरीदी तो दूसरे ने ओएलएक्स के जरिये ट्रैक्टर खरीदने का प्रयास किया। लेकिन ठगों ने खातों में राशि ट्रांसफर कराने के बाद दोनों ही लोगों को वाहन नहीं भेजे। साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साउथ रेंज रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में खोल थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी निवासी विजय सिंह ने बताया कि उसके भाई सतपाल ने 28 मई को फेसबुक पर एक स्विफ्ट गाड़ी देखी थी। बेचने वाले ने खुद को आर्मी का जवान बताया था। गाड़ी पसंद आने से पहले खुद को आर्मी का जवान कहने वाले संदीप रावत ने जैसलमेर से गाड़ी भेजने की बात की थी। 10 लाख रुपये में सौदा तय होने के बाद सतपाल ने ट्रांसपोर्ट चार्ज के रूप में 3150 रुपये उसके खाते में भेज दिए थे। 29 मई को गाड़ी घर पहुंचने के बाद बाकी राशि उसे देनी थी। 29 मई की दोपहर आरोपी संदीप रावत ने गुमराह करना शुरू कर दिया और शाम तक गाड़ी पहुंचने की बात कहते हुए बारी-बारी कर अपने खातों में 2 लाख 43 हजार रुपये की नकदी डलवा ली। उसके बाद से ही उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। उसने कई बार ठग से बात करने की कोशिश की, लेकिन आज तक न तो उसे गाड़ी मिली और न ही उसे वापस नकदी मिली है। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ओएलएक्स पर ट्रैक्टर खरीदने पर की धोखाधड़ी
गांव भाकली निवासी राकेश ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी मोटर वाइडिंग की दुकान है। एक सप्ताह पहले उसके दोस्त उमेद ने ओएलएक्स पर एक पुराना ट्रैक्टर देखा। जानकारी जुटाने के बाद संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर ट्रैक्टर 3 लाख रुपये में खरीदने का सौदा तय हुआ। उसे खुद ऑनलाइन पेंमेंट नहीं करनी आती थी, जिसकी वजह से उसने अपने दोस्त शंकर के मार्फत कई बार में उसके खाते में 3 लाख 3149 रुपये की नकदी ट्रांसफर कर दी। तय समय पर जब उन्हें ट्रैक्टर नहीं मिला तो उन्होंने फोन नंबर पर संपर्क किया, लेकिन उसके बाद से ही मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। राकेश ने इसकी शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई है। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।