रेवाड़ी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच साइबर ठगों ने भी लोगों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। हालांकि इसको लेकर पुलिस प्रशसान की ओर से एडवाइजरी भी जारी की जा चुकी है। इसके बाद भी लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र का है।
मंगलवार को एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाले धारूहेड़ा निवासी अजय के पास मंगलवार को एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि कोरोनाकाल के दौरान उसके द्वारा बेहतरीन कार्य किया गया था तथा लोगों को जागरूक किया गया था। इसलिए अजय के नाम से 25 लाख रुपये की लॉटरी निकाली गई है। कथित अधिकारी ने कहा कि लॉटरी लेने के लिए करीब 20 हजार रुपये टैक्स के जमा कराने पड़ेंगे। अजय ने बताया कि वह उसके झांसे में आ गया तथा उसके द्वारा बताए लिंक को क्लिक करते ही उसके खाते से नकदी साफ हो गई। इसके बाद उस व्यक्ति ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। तब उसे ठगी की जानकारी मिली। धारूहेड़ा पुलिस ने अजय की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।