फोटो : प्लॉट विवाद से जुड़े जानलेवा हमले के चार आरोपी गिरफ्तार। स्रोत : पुलिस प्रवक्ता
भिवाड़ी। प्लॉट विवाद से जुड़े जानलेवा हमले में कोटकासिम पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार भी बरामद कर ली है।
थानाधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि घटना 19 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 6 बजे कोटकासिम थाना क्षेत्र के बासनी से खोहरा रोड स्थित प्लॉट पर हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने दीपक राजपूत (निवासी माघा का माजरा) पर सरिए और डंडों से हमला किया। इससे दीपक के हाथ-पैर टूट गए। हमलावर मौके से भाग गए। घटना में नवीन जाट भी मौजूद था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि हमला सुपारी लेकर किया गया था। ज्ञान सिंह गुर्जर ने सुपारी ली थी जबकि बीना निवासी तिंगावा, भरत सिंह और नवीन जाट ने षडयंत्र रचा। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और बीटीएस लोकेशन के सहारे बदमाशों की पहचान हुई। सोडावास क्षेत्र (मुंडावर) में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें देशराज (21), अमित कुमार (19), देवेंद्र कुमार (19) और नरेश मीणा (22) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को पीसी रिमांड पर लिया है और पूछताछ जारी है।