बीते दो साल से शहर में रेहड़ी चालकों के लिए निर्धारित स्थान (वेंडिंग जोन) के प्रयासों के बीच नगर परिषद की ओर से शहर के महाराणा प्रताप चौक के पास नप की खाली जमीन, नई अनाज मंडी के सामने खाली जमीन, ब्रास मार्केट व झज्जर चौक फ्लाईओवर के पास चार स्थान वेंडिंग जोन के लिए निर्धारित कर लिए गए हैं। मंगलवार को चेयरपर्सन व नप अधिकारियों ने कुछ स्थानों का अवलोकन भी किया है।
शहर के गोकलगेट से लेकर भाड़ावास गेट तक मोती चौक सहित मुख्य बाजारों में रेहड़ी वालों व दुकानदारों के अतिक्रमण से शहरवासियों को राहत दिलाने के तहत इस योजना को सिरे चढ़ाया जा रहा है। वेंडिंग जोन बन जाने के बाद मुख्य बाजारों में रेहड़ी लगाने पर प्रतिबंध लग जाएगा। नप की ओर से चिह्नित इन चार स्थानों पर ही रेहड़ियां लगाई जा सकेंगी। बता दें कि लगातार रेहड़ी चालकों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान काटने से रोष बढ़ता जा रहा था। रेहड़ी चालकों का कहना था कि नप अधिकारी गरीब लोगों को निशाना बना रहे हैं और दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। कार्रवाई से पहले वेंडिंग जोन का निर्धारण जरूरी है।
ब्रास मार्केट, नाईवाली चौक व मीट मार्केट में बनेगी पार्किंग
बीते पांच साल से शहर में पार्किंग बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बीच में पार्किंग के लिए टेंडर भी छोड़ा गया था। लेेकिन बाद में यह योजना सिरे नहीं चढ़ सकी। नप की ओर से अब एक बार फिर से ब्रास मार्केट, नाईवाली चौक के पास रावतुलाराम पार्क के सामने व झज्जर चौक के करीब मीट मार्केट के पास पार्किंग बनाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा शहर के मुख्य बाजारों में भी वाहनों से लगने वाले जाम से मुक्ति के लिए मोती चौक सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग के विकल्प तलाशे जा रहे हैं।
दुकानदारों पर भी अतिक्रमण करने पर होगी सख्ती
नगर परिषद ने रेहड़ी चालकों पर कार्रवाई के बाद अब शहर के मोती चौक, गोकलगेट सहित अन्य मुख्य बाजारों में दुकानदारों की ओर से 10 फुट तक किए जा रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को नप की टीम ने सीएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में मोती चौक के पास तीन दुकानदारों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान कर 25 हजार रुपये वसूले। वहीं इसके बाद भी अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसमें मुकदमा कराने से लेकर अन्य कार्रवाई संभव हैं।
नप की ओर से बीते 10 दिन से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को तीन दुकानदारों के अतिक्रमण करने पर 5-5 हजार के चालान काटे गए हैं। शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए व्यापारियों का सहयोग बेहद जरूरी है। सभी साथ मिलकर शहर को अतिक्रमण मुक्त कर सकते हैं।
-संदीप कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक, नप।
महाराणा प्रताप चौक, ब्रास मार्केट, रावतुलाराम पार्क के सामने व झज्जर चौक फ्लाईओवर के नीचे वेंडिंग जोन निर्धारित किए गए हैं। रेहड़ी चालकों को परेशान करना मकसद नहीं है। उनके लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं, ताकि वे अपना सामान बेच सकें। शहर को जाम से मुक्ति के लिए पार्किंग के लिए भी स्थानों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नप रेवाड़ी।