कोसली। रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। 2 लाख पक्की नौकरियां देने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा सीईटी तक नहीं करवा रही। भर्तियों के इंतजार में ओवर ऐज हो रहे लाखों बेरोजगार युवा सीईटी और नई भर्तियों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार तारीख पर तारीख दे रही है।
कोसली में ओमप्रकाश भारद्वाज के पिता की रस्मपगड़ी व शौक सभा में उनके आवास पर पहुंचे सांसद ने लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बीजेपी ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे सभी 1.20 लाख कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया था। इतना ही नहीं भाजपा ने चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ झूठ भी फैलाया। उसने झूठ बोला कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो कौशल निगम को खत्म करके सभी कच्चे कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जाएगा। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में सभी कौशल कर्मियों को नियमित करने और उचित वेतन बढ़ोतरी का वादा किया था। चुनाव के बाद बीजेपी के झूठ की सच्चाई सबके सामने आ गई। अपने ही वादे से मुकरते हुए बीजेपी ने सरकार बनते ही कौशल निगम कर्मियों को नौकरी से निकालना शुरू कर दिया। एक-एक करके हर विभाग से सरकार ने कौशल निगम कर्मियों की छटनी शुरू कर दी है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव, सोनू हुडा, श्याम चेयरमैन, सुरेंद्र चेयरमैन, कैलाश बाई, रामकिशन सरपंच एमडीएस कालेज के संचालक होशियार सिंह नम्बरदार, एडवोकेट सुरेश यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।