पुष्प अभियान के तहत फूलों के पौधे वितरित करते संस्था के पदाधिकारी। स्रोत : डीपीआरओ
रेवाड़ी। पुष्प अभियान के तहत रेवाड़ी और कोसली में मृदुल आश्रय संस्था के संचालक देवेंद्र रुस्तगी व उनके सहयोगी सेवानिवृत्त प्राचार्य राजीव रुस्तगी की तरफ से फूलों के पौधों का निशुल्क वितरण किया गया।
रेवाड़ी में अभियान का शुभारंभ बीआरसी ऑफिस परिसर में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के प्रतिनिधि के रूप में उनके पुत्र निशांत यादव द्वारा किया गया। इसके तहत विभिन्न विद्यालयों और नागरिकों को फूलों के पौधे वितरित किए गए।
कोसली में अभियान का शुभारंभ विधायक अनिल यादव द्वारा शिक्षकों एवं गणमान्य व्यक्तियों को फूलों के पौधे वितरित कर किया गया।
मृदुल आश्रय संस्था के संचालक देवेंद्र रुस्तगी ने बताया कि फ्लोवर मैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर सिरसा जिला के दडबी गांव निवासी डॉ. रामजी जयमल के पूरे हरियाणा की धरा को रंग बिरंगे फूलों से गुलजार करने के उद्देश्य से उनकी संस्था द्वारा रेवाड़ी पुष्प अभियान की शुरूआत की गई है।
उन्होंने बताया कि रविवार को फूलों के पौधे सुबह आठ बजे मृदुल आश्रय संस्था द्वारा पायलट चौक स्थित रेजांगला पार्क पर वितरित किए जाएंगे।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राजेश वर्मा, जाटूसाना के खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव, मनोज यादव, पृथ्वी सिंह यादव, दयाराम यादव, सुरेंद्र सिंह यादव और कुलदीप रुस्तगी आदि उपस्थित रहे।