रेवाड़ी रेलवे स्टेशन का दृश्य। संवाद
रेवाड़ी। दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर रेलवे की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य के कारण इस रेलखंड से गुजरने वाली पांच ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इनमें एक ट्रेन को रीशेड्यूल किया गया है, जबकि चार ट्रेनों को मार्ग में निर्धारित समय के लिए रेगुलेट (रोका) किया जाएगा। इससे रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार पातली और जटौला जोड़ी सांपका रेलवे स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 77 पर आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रेल सेवाओं के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के समय की जानकारी प्राप्त कर लें।
अजमेर-ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन डेढ़ घंटे देरी से चलेगी : गाड़ी संख्या 09611 अजमेर-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन 16 दिसंबर को अजमेर से अपने निर्धारित समय से एक घंटा 30 मिनट की देरी से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 19031 साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश रेल सेवा 16 दिसंबर को साबरमती से प्रस्थान करने के बाद मार्ग में उत्तर रेलवे पर 45 मिनट रेगुलेट रहेगी।
तीन अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ेगा असर
गाड़ी संख्या 20474 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला ट्रेन 16 दिसंबर को मार्ग में 20 मिनट रेगुलेट रहेगी। इसी दिन गाड़ी संख्या 22481 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला ट्रेन रास्ते में 10 मिनट के लिए रेगुलेट रहेगी। गाड़ी संख्या 54413 दिल्ली-रेवाड़ी ट्रेन 17 दिसंबर को दिल्ली से प्रस्थान करेगी, उत्तर रेलवे के क्षेत्र में 15 मिनट रेगुलेट रहेगी। रेलवे के निर्माण कार्य के चलते इन ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया गया है। यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाने की जरूरत है।