रेवाड़ी। जिले में सोमवार को 26 परीक्षा केंद्रों पर सीबीएसई की कक्षा 10वीं व 12वीं की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान कक्षा 12वीं की गणित और कक्षा 10वीं की संगीत विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
कक्षा 12वीं की गणित परीक्षा में कुल 5 हजार 50 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 32 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कक्षा 10वीं की संगीत परीक्षा में 3 हजार 931 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 15 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर सामान्य था और अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे। हालांकि गणित विषय के कुछ प्रश्न विद्यार्थियों को थोड़े कठिन लगे, लेकिन अच्छी तैयारी होने के कारण अधिकांश विद्यार्थियों का पेपर अच्छा रहा।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने बताया कि गणित के प्रश्नपत्र में प्रतिशत, लाभ-हानि, औसत और समय-दूरी-चाल से जुड़े सवाल पूछे गए थे। इसके अलावा ज्यामिति और क्षेत्रमिति से त्रिभुज, वृत्त व आयत का क्षेत्रफल, परिमाप तथा आयतन निकालने से संबंधित प्रश्न भी शामिल थे। वहीं कक्षा 10वीं के परीक्षार्थियों ने बताया कि संगीत का प्रश्नपत्र काफी आसान था।
परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। परीक्षा के दौरान केंद्र अधीक्षकों और उड़नदस्ता की टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सकी।
अगली परीक्षा 12 मार्च को
सीबीएसई की 12 मार्च को कक्षा 12वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक संचालित होगी।
वर्जन :
सोमवार को सीबीएसई की कक्षा 12वीं की गणित व 10वीं की संगीत विषय की परीक्षा 26 परीक्षा केंद्रों पर हुई। परीक्षा के दौरान कहीं से भी नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।
-विक्रम यादव, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई