क्षेत्र के गांव अहरोद के रहने वाले सैनिक 23 वर्षीय नवीन कुमार की पठानकोट में रायफल संदिग्धावस्था में चली गोली लगने से मौत हो गई। नवीन दो साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे और बचपन से अहरोद गांव में नाना नानी के पास रहते थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पठानकोट में थी। सूत्रों के मुताबिक सैनिक का पार्थिव शरीर रविवार को गांव अहरोद में आएगा, यहां उनको अंतिम विदाई दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय नवीन कुमार पुत्र विजय सिंह निवासी पटासणी झज्जर बचपन से ही जिला रेवाड़ी के गांव अहरोद में नाना-नानी के यहां रहते थे। बचपन में ही उसके माता-पिता की मृत्यु हो गई थी। दो साल पहले नवीन सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में पठानकोट में तैनात थे। परिजनों को पठानकोट से सूचना मिली कि नवीन की रायफल से चली गोली लगने से मौत हो गई है। इसकी सूचना जैसे ही गांव अहरोद में परिजनों को मिली तो शोक की लहर दौड़ गई। नवीन अभी अविवाहित थे।
मामा के अंतिम संस्कार में नहीं को सके थे शामिल
जानकारी के अनुसार एक महीने पहले नवीन के मामा की मौत हुई थी। वह उस समय अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। मौत के दो दिन पहले 24 जून को वह छुट्टी खत्म करके वापिस ड्यूटी पर लौटे थे।
नवीन की कैसे मौत हुई है इसकी जानकारी नहीं है। रविवार को उनको अंतिम विदाई गांव में दी जाएगी, सिर्फ यही सूचना आई है।
संजय कुमार, एसएचओ, खोल