रेवाड़ी। एक ही रात में 3 किसानों के खेत में ट्यूबवेल की केबल चोरी कर ली। शराब पार्टी करने के बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। गुरावड़ा गांव निवासी शिव अविनाश ने बताया कि उसके पास पड़ोसी मंजू का फोन आया था, बताया कि ट्यूबवेल पर चोरी हुई है। जब वे ट्यूबवेल पर पहुंचे तो देखा कि कमरे के दरवाजे पर लगा ताला काटकर वहां से तार काट कर ले गए हैं।
चोरों ने वारदात से पहले वहां पर शराब पार्टी की है। उन्होंने पहले कमरे से खाट बाहर निकाली और फिर शराब की महफिल सजाई। मौके पर उन्हें शराब की खाली बोतल और नमकीन के पैकेट पड़े हुए मिले हैं। चोरों ने करीब 45 फीट लंबी तार को काटने के बाद वहीं उसका रबड़ उतारा है। अविनाश के अनुसार उनके पड़ोसी अशोक के ट्यूबवेल की तार भी चोरों ने काटी है।
सुरेंद्र के ट्यूबवेल से भी चोरों ने करीब 30 फीट बिजली तार चोरी की है। शिव के अनुसार खेत के पड़ोस में ही शराब ठेका है, जिसके कारण यहां पर शराबी प्रवृत्ति के लोग अकसर इस तरह की वारदात करते रहते हैं। पीछे से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर भी शराब की बोतलें टूटी हुई मिलती हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।