संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में बाइक सवार तीन युवकों पर स्कूटी सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। युवकों पर दो गोलियां चलाई गईं। इस घटना में तीनों युवकों की जान बच गई है। वारदात को लेकर रामपुरा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला कुतुबपुर निवासी गौरव हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने के लिए गया था। शुक्रवार को कांवड़ मंदिर में चढ़ाने के बाद वह अपने साथी शिवा और चेतन के साथ बाइक पर घर की तरफ आ रहा था। बाइक शिवा चला रहा था और गौरव बीच में बैठा था। इसी दौरान रामपुरा मोड़ पर दो बदमाशों ने उनकी बाइक के पीछे स्कूटी लगा दी। शक होने पर शिवा ने बाइक को भगा लिया। स्कूटी चालक ने हेलमेट पहना हुआ था और पीछे तरूण पंडित बैठा हुआ था। आरोपियों ने उनकी तरफ दो राउंड फायर किए, जिसमें उनकी जान बाल-बाल बच गई। किसी तरह उन्होंने वाल्मीकि मोहल्ला की तरफ भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित गौरव ने बताया कि तरुण पंडित नाम के युवक के साथ कुछ दिन पहले उनकी कहासुनी हुई थी। उसके बाद से ही आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी हुई थी। शुक्रवार को आरोपियों ने जान से मारने की कोशिश भी की। रामपुरा थाना पुलिस ने गौरव की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।ै