रेवाड़ी। दिवाली पर्व पर आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए रेवाड़ी अग्निशमन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां दिवाली के दो दिन बाद तक रद कर दी हैं। वहीं, कर्मचारियों की उपलब्धता को देखते हुए आठ घंटे की नियमित ड्यूटी के स्थान पर 12-12 घंटे की विशेष शिफ्ट लागू की गई है। जिले के सभी छह फायर स्टेशनों पर कुल 15 दमकल वाहनों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दिवाली की रात आतिशबाजी और दीयों के कारण आगजनी का खतरा अधिक रहता है। इसे देखते हुए विभाग ने दिन की पाली में 38 और रात की पाली में 43 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। रात के समय अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
संकरी गलियों के लिए पांच छोटी गाड़ियां तैनात : शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों और संकरी गलियों में बड़ी दमकल गाड़ियों के पहुंचने में होने वाली परेशानी को देखते हुए पांच छोटी गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। इनमें दो रेवाड़ी शहर, एक धारूहेड़ा, एक बावल और एक कोसली में तैनात रहेगी। इसके अलावा सात नवंबर से मनेठी में भी एक दमकल गाड़ी विशेष रूप से तैनात की जाएगी।