कोसली। गांव झोलरी निवासी एक महिला ने कुछ लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का एग्रीमेंट करने और लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। कोसली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोप की जांच शुरू कर दी है।
सुनीता ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि पूर्व सरपंच समेत 3 लोगों ने मिलीभगत कर धोखाधड़ी किया। आरोप है कि इन लोगों ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए महेंद्रगढ़ जिले के उच्चत गांव की करीब 16 कनाल जमीन बेचने का एग्रीमेंट किया और इसके बदले उससे करीब 19 लाख 57 हजार 500 रुपये ले लिए।
सुनीता के अनुसार एग्रीमेंट 4 मार्च 2025 को नाहड़ उपतहसील में कराया गया था और जमीन की रजिस्ट्री इसी साल 5 जनवरी को करवाने की तारीख तय की गई थी। तय तारीख को वह रजिस्ट्री कराने के लिए सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची लेकिन आरोपी वहां नहीं आए। इसके बाद जब उसने नोटिस भेजा तो उजागर हुआ कि जिस व्यक्ति के नाम से एग्रीमेंट किया गया था वह खुद को इस सौदे से अनजान बता रहा है। मामले में पूर्व सरंपच ने आरोपों को खारिज किया है। साथ ही न्याय की मांग की है। आरोप लगाया कि आरोपियों ने आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से एग्रीमेंट कराया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।