रेवाड़ी। शहर के सरकुलर रोड स्थित पुराना बस स्टैंड में खड़ी बसें। संवाद
रेवाड़ी। करीब एक वर्ष पहले मुख्यालय गई नए बस स्टैंड की ड्राइंग फाइनल होने के बाद स्वीकृति मिलने की प्रतीक्षा में है। लंबा समय बीतने के बाद भी बस स्टैंड का निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो पाया है। रोडवेज मुख्यालय की स्वीकृति के पश्चात ही डीपीआर की प्रक्रिया प्रारंभ हो पाएगी।
शहर के सेक्टर-12 में वर्ष 2013 में नए बस स्टैंड का शिलान्यास किया गया था, लेकिन सरकारी विभागों की सुस्ती के कारण अब तक डीपीआर भी नहीं बन पाई है। नए बस स्टैंड के लिए करीब एक वर्ष पहले फाइनल ड्राइंग बन जाने के बाद लोक निर्माण विभाग के माध्यम से मुख्यालय भेजी गई थी, लेकिन एक वर्ष का समय बीतने के बाद अभी तक मुख्यालय से ड्राइंग को स्वीकृति नहीं मिली है। अब लोगों को निर्माण की प्रतीक्षा है।
11 वर्ष पहले नए बस स्टैंड का किया गया था शिलान्यास
सरकुलर रोड पर लगता है जामः शहर के रामगढ़ रोड स्थित सेक्टर-12 में बनने वाले नए बस स्टैंड के लिए लोगों को पिछले करीब 11 वर्ष से निर्माण होने का इंतजार है। इसकी बड़ी वजह यह है कि सरकुलर रोड स्थित बस स्टैंड 53 वर्ष से भी अधिक पुराना हो चुका है। इसका एक हिस्सा कंडम होने की वजह से गिराया भी जा चुका है। वहीं, बाकी भवन से भी आए दिन प्लास्टर गिरता रहता है। ऐसे में नए बस स्टैंड के लिए प्रक्रिया जल्द शुरू किया जाना जरूरी है। शहरी आबादी के बीच आ जाने से बसों की वजह से सरकुलर रोड पर जाम भी लग जाता है। रेवाड़ी डिपो के साथ ही अन्य डिपो की बसें भी सरकुलर रोड स्थित पुराने बस स्टैंड से होकर गुजरती हैं।
-
वर्जन:
बस स्टैंड की ड्राइंग लोकनिर्माण विभाग के माध्यम से मुख्यालय भेजी गई है। मुख्यालय से ड्राइंग फाइनल होनी है। वहां से जो भी दिशा निर्देश मिलेंगे, उसके अनुरूप कार्य किया जाएगा।
- देवदत्त, महाप्रबंधक रोडवेज, रेवाड़ी