रेवाड़ी। रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव देहलावास में वीरवार को चुनावी रंजिश को लेकर दो गुटों मारपीट हो गई। इसमें 36 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों गुटों की शिकायतों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उदयभान सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद वह अपने घर पर था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके परिवार पर हमला कर दिया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं, दूसरी ओर गांव देहलावास निवासी जितेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 नवंबर की शाम सरपंच व पंचों के परिणाम आने के बाद वह अन्य लोगों के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान उदयभान व उसके साथियों ने रास्ता रोककर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में जितेंद्र व उसके अन्य साथी घायल हो गए। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के बाद 36 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।