संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए शहर में लगाए गए डिवाइडर अब लोगों के लिए सिरदर्दी बन गए हैं। आलम यह है कि अब ये डिवाइडर आड़े-तिरछे लगे हुए हैं। कई तो पलट भी गए हैं, मगर किसी भी कर्मचारी की तरफ से डिवाइडर को सीधा करने व पड़े हुए डिवाइडर को उठाने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है। इन आड़े तिरछे व पड़े हुए डिवाइडरों से हादसे का खतरा बना हुआ है। डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाए गए हैं, ताकि लोग दुर्घटना का शिकार ना हो। पूरे शहर में डिवाइडर सड़क पर टेढ़े तिरछे गिरे होने से आमजनो को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अव्यवस्था के कारण ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल पाती है, आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं। व्यस्त सर्कुलर रोड और नाईवाली पुल पर डिवाइडर की वजह से बीते दिनों हादसे भी हुए।
रात के समय रहता है अधिक हादसे का खतरा
डिवाइडर से सबसे ज्यादा खतरा रात के समय है, क्योंकि रात के समय आडे तिरछे और गिरे पड़े डिवाइडर दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने भी जल्द से जल्द व्यवस्था को करवाने की मांग की है। इन डिवाइडर से कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे काफी समस्या होती है।
नाईवाली ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई थी कार, बुरी तरह से हुई क्षतिग्रस्त
नाईवाली ओवरब्रिज पर शनिवार को एक कार सड़क के बीच में रखे डिवाइडर से टकराई और फिर रांग साइड में जाकर पलट गई। इस हादसे में चालक की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।ओवरब्रिज से उतरने के बाद रामपुरा मोड के सामने बिल्कुल सड़क के बीच में डिवाइडर रखा हुआ है। दरअसल, नारनौल रोड की तरफ से ओवरब्रिज पर चढ़ते वक्त बीच में डिवाइडर ऐसा बना हुआ है कि अधिकांश चालक को उसका पता ही नहीं चलता। इससे कई बार डिवाइडर के बीच में भी कारें फंस चुकी है।
सड़क सुरक्षा की कमेटी में डीसी ने दिए थे आदेश, फिर भी नहीं हो रहा समाधान
8 मई को डीसी राहुल हुड्डा ने सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक भी ली थी। उसके बावजूद हालात नहीं सुधर रहे हैं। डीसी ने निर्देश दिए थे कि विभिन्न सड़कों पर ब्लैक स्पॉट को चिह्नित करते हुए दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए आमजन को भविष्य में सुरक्षित आवागमन सुविधा प्रदान करना जरूरी है। डीसी राहुल हुड्डा ने कहा था कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर सांकेतिक बोर्ड एवं निर्धारित गति सीमा को नियंत्रित करने के लिए गति अवरोधक लगाएं तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में दुर्घटना रोकने के लिए विशेष ध्यान देना सुनिश्चित करें। साथ ही डिवाइडर क्रॉस करने वालों की मॉनिटरिंग करने गलत साइड वाहन चालकों पर अंकुश लगवाना सुनिश्चित किया गया था।
-
जहां पर डिवाइडर को लेकर समस्या आ रही है, उन स्थानों को चिह्नितकिया जाएगा। साथ ही जल्द से जल्द व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाया जाएगा। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अनूप सिंह, एसएचओ, ट्रैफिक पुलिस