रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला आनंद नगर निवासी हरिओम (49) की शनिवार को कसौला चौक के पास रेल कॉरिडोर पर मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह करीब 8 बजे घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर रेल कॉरिडोर के नीचे एक ऑटो खड़ा मिला जबकि रेलवे ट्रैक पर हरिओम का शव पड़ा था।
पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचने पर मृतक के मोबाइल पर उनकी पत्नी की बार-बार कॉल आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने फोन के माध्यम से उनके भाई को घटना की जानकारी दी। हरिओम तीन भाइयों में से एक थे। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हरिओम ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह चार बेटियों के पिता थे। उनकी बड़ी बेटी की शादी 25 नवंबर को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी में महज 12 दिन शेष थे। हरिओम बेटी की शादी के खर्च को लेकर परेशान चल रहे थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
जांच अधिकारी कृपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।