फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: अनाज मंडियों में सरसों लेकर पहुंचे किसान

Sat, 29 Mar 2025 12:07 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
फोटो : 19रेवाड़ी अनाज मंडी में सरसों का लगा ढेर। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


रेवाड़ी। जिले की तीनों अनाज मंडियों में सरसों की आवक तेजी से जारी है। शुक्रवार को जिले की बावल, कोसली रेवाड़ी अनाज मंडी में सरसों की फसल बेचने के लिए किसानों की काफी भीड़ रही।
रेवाड़ी अनाज मंडी में शुक्रवार को 480 किसानों से 9500 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है। बावल की अनाज मंडी में 122 किसानों के टोकन कटे, जिसमें से 2490 क्विंटल सरसों की खरीद हुई है। वीरवार को रेवाड़ी अनाज मंडी में 465 किसानों से 8800 क्विंटल सरसों की खरीद की गई थी। बावल की अनाज मंडी में 102 किसानों के टोकन कटे, जिसमें से 2400 क्विंटल सरसों की खरीद हुई थी।
विज्ञापन

हैफेड डीएम प्रवीण शर्मा का कहना है सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत से कम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरसों की खरीद निर्धारित मानकों से ही की जाएगी। किसान बिक्री करने में जल्दबाजी न करें। किसान अपनी सरसों की फसल को सुखाकर और साफ करके लाएं, ताकि उनको बिक्री के लिए मंडी में किसी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़े।
किसानों के लिए परेशानी का एक कारण ये भी है कि एक दिन में एक किसान केवल 25 क्विंटल सरसों ही बिक्री कर सकते हैं। किसानों को गेट पास 25 क्विंटल सरसों का ही जारी होगा। गेट पास कटवाने के लिए किसानों को फसल पंजीकरण कागज, पंजीकृत किसान का आधार कार्ड, बैंक की कॉपी की एक-एक कॉपी लेकर आनी होगी। अब अगर कोई किसान तय मात्रा से ज्यादा सरसों लेकर आ गया तो बाकी सरसों अगले दिन या फिर दूसरी जगह ही बिक्री करनी पड़ेगी। वहीं सरसों की सरकारी समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी है।

सरसों बेचने के लिए सुबह से पहुंचे किसान

रेवाड़ी अनाज मंडी में किसान सुबह के समय ही अनाज मंडी के बाहर सरसों बेचने के लिए पहुंच गए थे। कई किसान तो ऐसे थे जो सुबह से लाइन में लगे रहे और दोपहर तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। किसान गर्मी से काफी परेशान रहे। किसान अपनी सरसों की कटाई लगभग पूरी कर चुके हैं। फिलहाल आने वाले दिनों में मंडी में बंपर आवक होने की संभावना है।
विज्ञापन


कोसली मंडी में सरसों की आवक बढ़ी: सचिव नरेंद्र

कोसली। कोसली अनाज मंडी में सरसों की खरीद का कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है। शुक्रवार को 4500 क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद हुई है। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र यादव ने बताया कि कोसली में हरियाणा स्टेट वेयरहाउस कार्पोरेशन द्वारा सरसों खरीदी जा रही है। सरसों का सरकारी समर्थन मूल्य 5950 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा लिया है, केवल वे ही मंडी में आकर अपनी फसल बेच सकते हैं। सचिव ने बताया कि कोसली मंडी में 48 हजार 445 क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी है, जिसमें 25 हजार क्विंटल की खरीद वेयरहाउस कार्पोरेशन कर चुका है। यादव ने बताया कि कोसली मंडी में अब तक कुल खरीद में से सात हजार क्विंटल सरसों का उठान हो चुका है। खरीद कि गई सरसों का अभी तक कोई भुगतान नहीं हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें