रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला कुतुबपुर में रहने वाले एक परिवार की माली हालत दयनीय बनी हुई है। हालात इस कदर खराब है कि 5 डिग्री की सर्दी में परिवार लोहे की टिनशेड के नीचे सोने के लिए मजबूर है। घर में बिजली, पानी, गैस कनेक्शन तो छोड़ो रोशनी का दीया जलाने के लिए तेल भी नहीं है।
कैलाश चंद एडवोकेट जानकारी मिलने के बाद इस परिवार से मिलने पहुंचे। कैलाश चंद ने बताया कि परिवार बहुत ही गरीब है और राज्य व केंद्र सरकार से आजतक कोई सहयोग नहीं मिला है। परिवार के पास मकान, गुलाबी राशन कार्ड, गैस-पानी और बिजली कनेक्शन भी नहीं है। परिवार की स्थिति को देख कर कैलाश चंद ने बुधवार को सीएम मनोहर लाल, निदेशक समाज कल्याण विभाग, डीसी व एडीसी को सहायता शिकायत भेजी है।
एडवोकेश ने बताया कि घर में रहने वाली महिला किरण देवी की उम्र करीब 48 साल है। उनके पति मंदबुद्धि हैं। उनका एक बेटा भी है, लेकिन परिवार की स्थिति ऐसी भी नहीं है कि वह बेटे को पढ़ा और पति का इलाज करा सके। घर की छत पर टिनशेड जरूर डला हुआ है, लेकिन सर्दी रातों में इसके नीचे सोना बहुत मुश्किल है। ऐसे में सरकार से आग्रह है कि इस परिवार की तुरंत मदद करें।