रेवाड़ी। जिले में पकड़ी गई फेक ट्रांसपोर्ट कंपनी के तार राजस्थान-हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर गैंग से जुड़ गए हैं। 15 दिन पहले रेवाड़ी में स्पेशल टास्क फोर्स के साथ पपला गैंग के गुर्गे बलवान उर्फ बल्लू और धर्मबीर के साथ हुई मुठभेड़ के बाद हिमाचल नंबर की जिस वेन्यू कार को पुलिस ने रिकवर किया था, उसे भी फेक ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाने वाले मास्टरमाइंड अरुण ने ही बेचा था।
दरअसल, एसटीएफ की तरफ से जब कार की जानकारी जुटाई गई तो उसके बाद ही इस गिरोह तक पुलिस की नजर पहुंची। रेवाड़ी पुलिस के सूत्रों के अनुसार इस गिरोह को पकड़ने के लिए एसटीएफ की टीमों ने भी कई बार रेवाड़ी में रेड की है। दो गाड़ियां एसटीएफ ने भी ट्रेस की हैं। इसके अलावा होंडा सिटी, क्रेटा, टियागो और वैगन आर को रेवाड़ी पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस प्रकार की कई और गाड़ियां अभी ट्रेस होनी बाकी हैं।
किन-किन अपराधियों तक ये कारें पहुंचाई हो रही जांच
पुलिस की टीमें इस एंगल से भी जांच कर रही हैं कि आखिर इस गिरोह ने किन-किन अपराधियों तक ये कारें पहुंचाईं। रेवाड़ी की एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस के अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ये गिरोह ऐसे लोगों के संपर्क में था, जिनका पपला गुर्जर गैंग के अलावा कई अन्य बदमाशों से सीधा संपर्क है। एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ के बाद से कई बदमाश फरार हैं। जिस बदमाश ने पपला गैंग तक हिमाचल नंबर की वेन्यू कार पहुंचाई, उसकी भी तलाश की जा रही है। फेक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मास्टरमाइंड अरुण करीब 10 से ज्यादा लग्जरी कारें सिर्फ रेवाड़ी में ही यूज करने के लिए बेची हुई हैं। इनमें 7 ट्रेस हो चुकी है। कुछ महंगी कीमत वाली बाइकें भी शामिल हैं।