कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित खेड़ा बॉर्डर पर पिछले 65 दिन से किसानों का आंदोलन जारी है। सोमवार को दिनभर आंदोलन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। हरियाणा के लोकगायक संदीप मौर्य एंड पार्टी ने किसान आंदोलन के समर्थन में लोकगीत व नृत्य के कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान से आए लोक कलाकारों ने किसान आंदोलन में पहुंच कर शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही हरियाणा की प्रसिद्ध लोक गायिका कल्याणी आर्य व मुकेश आर्य भी किसान आंदोलन के समर्थन में गीत प्रस्तुत किए। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 16 फरवरी को दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती मनाने के आह्वान पर मंगलवार को खेड़ा बॉर्डर पर भी छोटूराम को नमन किया जाएगा।
बता दें कि 13 दिसंबर से ही किसान दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित खेड़ा बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। किसानों की संख्या भी अब बढ़ने लगी है। राजस्थान की तरफ से काफी संख्या में किसान रोजाना पहुंच रहे हैं। बॉर्डर पर राजस्थान के अलावा केरल, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों के किसान डटे हुए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के 18 फरवरी को रेल रोको के आह्वान की भी तैयारियां जोरों पर चल रही है।
जयपुर में हुई संयुक्त किसान मोर्चा राजस्थान की बैठक
वहीं सोमवार को जयपुर में राजस्थान संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता नाजिमुद्दीन और रविंद्र शुक्ला द्वारा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 फरवरी को रेल रोकने व टोल फ्री कराने के लिए गांवों में नुक्कड़ सभाएं करने का अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही जल्द ही जयपुर में महापंचायत का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा शाहजहांपुर-खेडा बॉर्डर कमेटी से महापंचायत के लिए तारीख और वक्ताओं के नाम तय करने का अनुरोध किया गया है। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।