फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी 50 हजार की रंगदारी, युवती समेत 2 गिरफ्तार

Thu, 05 Nov 2026 12:18 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने और रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने एक सुनियोजित रेड के दौरान 50 हजार की रंगदारी राशि लेते हुए एक युवती सहित दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई युवती सहित अन्य आरोपी मोहल्ला चौधरीवाड़ा निवासी विशाल सोनी है। आरोपी विशाल के कब्जे से रंगदारी के 50 हजार बरामद किए गए, जिनके सीरियल नंबरों का ड्यूटी मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षरों से सही मिलान पाया गया।
विज्ञापन

एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला सोनीपत के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाना मॉडल टाउन पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उनके चचेरे भाई की इंस्टाग्राम के जरिये वर्ष 2022 में रेवाड़ी के सेक्टर-4 की रहने वाली एक युवती से पहचान हुई थी।
आरोपी युवती ने सुनियोजित तरीके से उसके चचेरे भाई को अपने प्रेम जाल में फंसाया और इसके बाद विभिन्न माध्यमों से पैसों की मांग शुरू कर दी। जब उसके भाई ने पैसे देने से इन्कार किया, तो उसे दुष्कर्म जैसे गंभीर और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। आरोपी युवती लगातार मानसिक प्रताड़ना देकर मामला रफा-दफा करने की एवज में 5 लाख की मांग कर रही थी।
विज्ञापन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस टीम ने 2 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से ड्यूटी मजिस्ट्रेट शुभम की नियुक्ति करवाकर एक रेडिंग पार्टी का गठन किया। शिकायतकर्ता द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष 50 हजार की नकदी पेश की गई, जिसके सीरियल नंबर पहले से नोट और हस्ताक्षरित किए गए थे।
जैसे ही आरोपियों ने पैसे स्वीकार किए, पुलिस ने एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठे युवती और युवक विशाल को नोट गिनते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में एफआईआर दर्ज कर ली है। एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष ने शिकायतकर्ता के चचेरे भाई के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थाना में इस प्रकार की कई झूठी शिकायतें दी हुई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ब्लैकमेलिंग या उत्पीड़न का शिकार होने पर तुरंत संपर्क करें
एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने कहा कि दुष्कर्म, छेड़छाड़ और अन्य संगीन मामलों से जुड़े झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।पुलिस की आमजन से अपील है कि इस प्रकार के किसी भी ब्लैकमेलिंग या उत्पीड़न का शिकार होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क करें और ऐसे झूठे मामलों से सतर्क रहें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें