रेवाड़ी। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने साइबर अपराध से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी हर दिन नए-नए तरीके अपनाकर ठगी कर रहे हैं। ऐसे में लोग सावधानी बरत कर ही ठगी से बच सकते हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिस साइबर अपराध से बचाव के लिए लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने बताया कि कोई भी सरकारी एजेंसी, पुलिस, सीबीआई, ईडी या आयकर विभाग वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करता और न ही पैसे मांगता है। ऐसे कॉल आने पर तुरंत फोन काट दें।
ओटीपी, बैंक पिन और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा नहीं करें। स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने से बचें। केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, फास्टैग या बैंक खाते के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। निवेश, ट्रेडिंग, वर्क फ्रॉम होम और लालच भरे ऑफर से सावधान रहें।
एसपी ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी केवल विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से करें और पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी क्यूआर कोड स्कैन न करें। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों को भी साइबर ठगी के तरीकों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।