पीएमश्री स्कूल बावल में परीक्षा देते परीक्षार्थी। स्रोत : स्कूल
बावल। कस्बे के पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नवभारत शिक्षा कार्यक्रम न्यू इंडिया लिटरेसी के अंतर्गत साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कुल 21 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। प्राचार्य प्रदीप यादव ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक की आयु का कोई भी व्यक्ति परीक्षा में भाग ले सकता है।
सरकार द्वारा यह योजना उन लोगों के लिए शुरू की गई है जो शारीरिक, पारिवारिक या आर्थिक कारणों से शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को साक्षर बनाना है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा नियुक्त कर्मचारी घर-घर जाकर ऐसे लोगों की पहचान करते हैं जो पढ़े-लिखे नहीं हैं और उन्हें इस कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास करते हैं।
इस योजना की खास बात यह है कि पढ़ाई के लिए नियमित रूप से स्कूल आने की भी आवश्यकता नहीं होती। प्राचार्य ने बताया कि इस क्षेत्र में कुल 221 लोगों का चयन किया गया था जिनमें से 200 लोगों को पहले ही साक्षरता प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। शेष 21 शिक्षार्थियों की परीक्षा आयोजित की गई है।