रेवाड़ी। पूर्व सैनिक कल्याण संगठन की आमसभा बुधवार को रेजांगला शहीद पार्क में संगठन अध्यक्ष वेटरन राजपाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें सैनिक सदन और पूर्व सैनिकों के लिए प्रस्तावित ईसीएचएस (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) से जुड़े लंबित कार्यों पर चर्चा की गई। संगठन को मजबूत बनाने और पूर्व सैनिकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में सैनिक सदन के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके लिए आवंटित भूखंड की निर्धारित राशि एचएसवीपी में जमा करवाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक जिला सैनिक बोर्ड को एनओसी और पोजीशन लेटर जारी नहीं किया गया है। संगठन ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर लंबित प्रक्रिया पूरी करवाने का निर्णय लिया।
रेवाड़ी में ईसीएचएस के लिए आवंटित जमीन की राशि भी एचएसवीपी में जमा करवाई जा चुकी है, लेकिन कन्वीनियंस डीड की प्रक्रिया के लिए रक्षा मंत्रालय से आवश्यक धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। संगठन ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर इस कार्य को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
अध्यक्ष राजपाल यादव ने पूर्व सैनिकों से संगठन को मजबूत बनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी पूर्व सैनिक अपने अधिकारों और सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखें। परिवार के सदस्यों को भी इन सुविधाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि जरूरत के समय उन्हें परेशानी न हो।
बैठक में संगठन के दो सदस्यों वेटरन होम प्रकाश निवासी विजयनगर और वेटरन नत्थूराम निवासी गांव जैनाबाद के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। बैठक के अंत में सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को दिवाली की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर वेटरन सूरजपाल सिंह यादव, सुल्तान सिंह, महावीर सिंह, करन सिंह, सतपाल सिंह, बीर सिंह, धर्मवीर, राजकुमार, दयानंद, बलराम, महा सिंह खोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।