संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से विकास संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्यादातर कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर लगे हुए हैं। स्थिति यह है कि ईओ, एक्सईएन और सचिव सहित 11 से अधिक पद रिक्त हैं जिसके कारण नगर परिषद के तमाम कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एक्सईएन पद का रिक्त होने से विभिन्न कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी बंद है।
नगर परिषद में ईओ और एक्सईएन के पद पर लंबे समय से स्थायी नियुक्ति नहीं हुई है। सचिव का पद भी लंबे समय से रिक्त है। कार्यकारी अभियंता की कुर्सी खाली पड़ी है। नगर परिषद में कार्यकारी अभियंता का पद मुख्य होता है। कार्यकारी अभियंता हर प्रकार के तकनीकी कार्य कराने के लिए सक्षम होते हैं। यह पद खाली होने के कारण तकनीकी कार्यों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। इस पद पर अन्य जिलों के अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाता है। कार्यकारी अभियंता के पास शहर के विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये तक की तकनीकी स्वीकृति देने का अधिकार होता है। इसके बाद अभियंता के पास सिर्फ 10 लाख रुपये की स्वीकृति देने का अधिकार है। नगर परिषद में कार्यकारी अभियंता नहीं होने के कारण अगर 10 लाख रुपये से ऊपर के कार्यों के लिए स्वीकृति लेनी हो तो फाइल निदेशक शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा पंचकूला में भेजनी पड़ती है।
वर्तमान में नगर परिषद में आउटसोर्सिंग में 20 कर्मचारी काम कर रहे हैं। ये कर्मचारी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने से लेकर रेंट ब्रांच, लेखाकार, डोमिसाइल ब्रांच, विवाह पंजीकरण, ड्राफ्टमैन, कंप्यूटर ऑपरेटर, चपरासी आदि का काम कर रहे हैं। इसके अलावा करीब 15 पदों पर ही नियमित अधिकारी व कर्मचारी काम कर रहे हैं।
वहीं सफाईकर्मियों की कमी के चलते शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है। सफाईकर्मियों की लंबे समय से कमी है। शहर में वर्तमान में 350 सफाई कर्मचारी कार्य कर रहे हैं, लेकिन अभी भी शहर को करीब 150 सफाई कर्मचारियों की जरूरत है। नगर परिषद चेयरपर्सन व पार्षदों की ओर से कई बार उच्च अधिकारियों व मंत्री से मांग की गई है।
कार्यकारी अधिकारी और सचिव संभाल रहे अतिरिक्त कार्यभार
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी विक्रम सिंह और सचिव कुलदीप मलिक को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। कार्यकारी अधिकार कैथल के साथ नरवाना में काम देख रहे हैं। सचिव कैथल के साथ कलायत का कार्यभार देख रहे हैं। ऐसे में सप्ताह में दो दिन अधिकारियों को दूसरी जगहों पर जाना पड़ता है। अधिकारियों की एक जगह ड्यूटी ना होने के कारण भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चेयरपर्सन और पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन पूनम यादव सहित अन्य पार्षदों ने नगर परिषद में रिक्त पदों पर अधिकारियों की स्थायी नियुक्ति के लिए ज्ञापन भी सौंपा था। इसमें कहा गया है कि नगर परिषद में ईओ व कार्यकारी अभियंता का पद सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए इन पदों पर स्थायी नियुक्ति होनी चाहिए ताकि शहर के विकास कार्य प्रभावित न हो।
बाक्स:-
पद स्वीकृत पद रिक्त पद
ईओ 1 1
एक्जीक्यूटिव इंजिनियर 1 1
सचिव 1 1
एमई 2 1
जेई 4 1
टैक्स सुप्रिटेंडेंट 1 1
सफाई निरीक्षक 1 1
टैक्स इंस्पेक्टर 1 1
स्टेनो टाइपिस्ट 1 1
ड्राफ्टस मैन 1 1
लाइट इंस्पेक्टर 1 1
-
वर्जन
कार्यकारी अभियंता का पद खाली होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हमारी सरकार से मांग है कि जल्द से जल्द इस पद के लिए नियुक्ति की जाए ताकि परेशानी ना हो। दूसरे अधिकारियों के भी अतिरिक्त कार्यभार हटाए जाएं।-पूनम यादव, चेयरपर्सन नगरपरिषद रेवाड़ी