गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस पर जिला पुलिस ने आमजन की सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की है। 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे तक भारी मालवाहक और वाणिज्यिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को इस अवधि तक एनएच-48 पर रोका गया है। पुलिस ने चालकों से एनएच-352 को वैकल्पिक मार्ग के रूप में प्रयोग करने की अपील की है। जयपुर से दिल्ली-गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-48 से एनएच-352 पर मोड़ा जाएगा। रेवाड़ी से आने वाले वाहन कापड़ीवास फ्लाईओवर से 75 फुटा रोड होते हुए भिवाड़ी, राजस्थान भेजे जाएंगे। पुलिस ने चालकों से सहयोग कर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात सुचारु रखने की अपील की है।