संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (पीपीपी) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी और पारदर्शी व्यवस्था लागू की है।
बुधवार को सेक्टर-1 स्थित कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान डॉ. खोला ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
जन सुनवाई में बिजली, पानी, पेंशन, आय सत्यापन, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) और अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
परिवार पहचान पत्र प्रणाली से लाभार्थियों की पहचान प्रक्रिया सरल हुई है और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ी है। डॉ. खोला ने नागरिकों से अपने पीपीपी का विवरण समय-समय पर अपडेट कराने की अपील की, ताकि सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के समय पर मिल सके।