अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रशासन की ओर से रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। हालांकि पुरानी वार्डबंदी के आधार पर तैयार हुई मतदाता सूची में अभी भी किसी वार्ड में 1900 वोट तो किसी में 5000 होने से अनेक सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं चुनाव होने में आरक्षित वार्ड व नई वार्ड बंदी से चुुनाव कराने की हाईकोर्ट में याचिकाओं पर चल रही सुनवाई के चलते अड़चन बरकरार है। बता दें कि नगर परिषद के हाउस का कार्यकाल मार्च 2018 में पूरा हो चुका है। पहले नई व पुरानी वार्ड बंदी का मसला कोर्ट में चल रहा था, बाद में शहर निवासी ने आरक्षित वार्डों की संख्या 5 से बढ़ाकर 6 करने की याचिका कोर्ट में डाल दी गई थी। हालांकि कोर्ट की ओर से चुनाव पर स्टे नहीं है, लेकिन याचिकाकर्ता चुनाव की घोषणा होते ही कोर्ट से स्टे ले सकता है। बता दें कि शहर के 31 वार्ड में कुल 107280 मतदाता हैं। वार्ड-13 में सबसे कम 1947 व वार्ड-12 में सबसे ज्यादा 5708 मतदाता हैं। सभी वार्डों में समान वोट करने के लिए नप की ओर से लाखों रुपये खर्च कर सर्वे भी कराया गया था, लेकिन पुरानी वार्ड बंदी के हिसाब से ही अंतिम मतदाता सूची तैयार की गई है।