रेवाड़ी। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के दूसरे चरण में 9 व 12 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर चल रहा चुनाव प्रचार सोमवार की शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके बाद सभी सातों विकास खंडों में प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से जनसंपर्क कर सकेंगे। जिला मुख्यालय स्थित कन्या महाविद्यालय व जैन स्कूल से मंगलवार को पोलिंग पार्टियां मतदाता केंद्र के लिए रवाना होंगी। इनके साथ पुलिस बल को भी भेजा जाएगा। इसके लिए रविवार को प्रशासनिक अमला तैयारी में जुटा रहा।
जिले 365 ग्राम पंचायतों, 18 जिला परिषद व सात पंचायत समिति के लिए प्रत्याशी मैदान में हैं। जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए 9 नवंबर को एवं सरपंच व पंच के लिए 12 नवंबर को चुनाव होने है। यहां चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 5 लाख 59 हजार 805 मतदाता करेंगे। सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पोलिग पार्टियों को रवाना करने के लिए प्रशासन ने गर्ल्स कालेज व जैन स्कूल में बैरिकेडिग कराई है। यहां आरओ व एआरओ की उपस्थिति में मतदान सामग्री वितरित की जाएगी।
-------
-------
बूथ के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
चुनावों में मतदान के दौरान किसी भी मतदान केंद्र के अंदर कोई व्यक्ति मोबाइल फोन, कार्डलेस फोन आदि किसी भी दशा में नहीं लेकर जाएगा। मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि के भीतर भी इनका प्रयोग नहीं किया जाएगा। यह प्रतिबंध शांति व्यवस्था के प्रभारी अधिकारियों, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कार्मिकों, प्रेक्षकों, माइको प्रेक्षकों, पीठासीन अधिकारियों पर लागू नहीं होंगे।
-------
कोट
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बल, पुलिस के जवानों की टीम तैयार हो चुकी है। चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए लगभग 10 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।
-राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक
सात नवंबर की शाम पांच बजे तक मतदान के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर सकते हैं। इसके बाद आठ नवंबर को जिला मुख्यालय से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी।
-अशोक कुमार गर्ग, जिला निर्वाचन अधिकारी।