रेवाड़ी। बावल थाना क्षेत्र के गांव टांकड़ी के समीप कुछ युवकों ने रोड के बीच में टेंपो खड़ा कर जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने प्राइवेट स्कूल के चालक के साथ मारपीट कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। युवकों ने गाड़ी में सवार दो महिला शिक्षिकाओं को भी अंदर ही बंद कर दिया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत गांव बधराना निवासी धर्मबीर ने बताया कि वह मोहनपुर स्थित निजी स्कूल में चालक है। शुक्रवार शाम को वह दो महिला अध्यापिकाओं को क्रूजर गाड़ी से घर छोड़ने जा रहा था। गांव टांकड़ी में आइटीआई के पास पहुंचा तो कुछ युवकों ने टेंपो सड़क के बीच में खड़ा किया हुआ था और आपस में गाली-गलौज करते हुए झगड़ा कर रहे थे। युवक सड़क पर बैठ कर नशा कर रहे थे। वह अपनी गाड़ी साइड से निकालने लगे तो युवकों ने रास्ता रोक लिया और झगड़ा करने लगे।
युवकों ने चालक को गाड़ी से उतार लिया और दो महिला अध्यापिकाओं को गाड़ी के अंदर ही बंद कर दिया। युवकों ने धर्मबीर के साथ मारपीट की और क्रूजर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। महिला अध्यापिकाओं ने गाड़ी से नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकी दी। सूचना के बाद स्कूल स्टाफ के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। युवकों ने स्टाफ के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। डायल-112 पर सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। चालक से मारपीट व गाड़ी में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान हो गई है। सभी आरोपी गांव टांकड़ी के रहने वाले हैं। बावल थाना पुलिस ने चालक धर्मबीर की शिकायत पर टांकड़ी निवासी अजय कुमार, अजय चौहान, नसीब, विपिन, योगेश, भीम सिंह व करण सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।