डहीना। खोल थाना क्षेत्र के गांव डहीना निवासी एक अधेड़ महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद डहीना चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति व ननदोई के खिलाफ मारपीट करने एवं प्रताड़ित करने का केस दर्ज कराया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार गांव डहीना निवासी धर्मबीर की पत्नी करीब 50 वर्षीय अमन देवी उर्फ ओमल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया। उपचार के दौरान अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलने के बाद कोसली के रेलवे स्टेशन क्षेत्र से महिला के मायका पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और डहीना चौकी पुलिस को सूचना दी।
मृतका के भाई संजय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी बहन की शादी गांव डहीना के रहने वाले धर्मबीर के साथ हुई थी। उसकी बहन की पांच लड़कियां व दो लड़के हैं। तीन लड़कियों की शादी हो चुकी है। उसका जीजा धर्मबीर आए दिन उसकी बहन के साथ झगड़ा व मारपीट करता था। बहन का ननदोई राजेंद्र भी उसके जीजा को मारपीट करने के लिए उकसाता था। मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन अमन देवी उर्फ ओमल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। डहीना चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और संजय की शिकायत पर धर्मबीर व राजेंद्र के खिलाफआत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।