धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर पार्श्वनाथ सिटी के पास सड़क के किनारे खड़े हाईवा से टकराने से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। हादसे के संबंध में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार दिल्ली के दशरथपुरी निवासी दिनेश कुमार के पिता मातादीन शर्मा और माता ओमवती देवी 14 अगस्त की रात सहारणवास की ओर से दिल्ली जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे पार्श्वनाथ सिटी के पास उनकी रॉयल एनफील्ड बाइक सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकरा गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि हाईवा चालक अंधेरे में बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेतक के हाईवा खड़ा किया था। हादसे के बाद राहगीरों और पार्श्वनाथ सिटी के लोगों की मदद से घायल दंपती को धारूहेड़ा के एपेक्स अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को रेवाड़ी ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें रेवाड़ी नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मातादीन शर्मा को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाद में अस्पताल से मृतक का मृत्यु सूचना पत्र और ईसीजी रिपोर्ट प्राप्त की गई। शिकायत के आधार पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने हाइवा चालक की भूमिका और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सड़क किनारे भारी वाहन खड़ा करने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।