कार्यक्रम में एकजुट अतिथि व लोग। स्रोत : प्रशासन
कोसली। कोसली में समाजसेवी एवं शिक्षा प्रेमी पूर्व मंत्री राव राम नारायण की स्मृति में स्थापित ई-पुस्तकालय का लोकार्पण किया गया। ग्रामीण क्षेत्रीय एजुकेशन सोसायटी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम विजय कुमार यादव ने पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रतिभा प्रोत्साहन एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महंत शिवपुरी महाराज पहुंचे व अध्यक्षता मेजर (डॉ.) टीसी राव ने की। मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय कोसली की प्राचार्या डॉ. लाज कौशल ने कहा कि ई-पुस्तकालय ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. टीसी राव की ओर से स्थापित पुस्तकालय में 60 सीटों के साथ एसी, वाई-फाई, पुस्तकें और स्टेशनरी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस दौरान डॉ. टीसी राव की पुस्तकों गुरुकुल शिक्षा और वन नेशन, वन इलेक्शन, वन एजुकेशन का भी विमोचन किया गया।
समारोह में डीएसपी कोसली विद्यानंद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के बुजुर्गों, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सरपंच रामकिशन जांगड़ा, संजय यादव, हेडमास्टर सज्जन सिंह यादव, डॉ. प्रीति धनखड़, सरिता शेखावत सहित सोसायटी के सदस्य मौजूद रहे।