रेवाड़ी। देखरेख के अभाव में शहर के पार्कों की दशा खराब है। नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। झूले और ओपन जिम के उपकरण भी टूटे हैं। ऐसे में इन पार्कों में टहलता तो दूर कुछ समय बैठना भी मुश्किल होता है। यहां तक कि कुछ पार्कों में आसपास के लोग उपले तैयार करती हैं।
शहर में स्थित राव तुलाराम पार्क, नेहरू पार्क, नेताजी सुभाष पार्क, रेजांगला पार्क व ब्रास मार्केट में वीर सावरकर पार्क सहित सेक्टरों के पार्कों की स्थिति काफी दयनीय है। पार्कों की नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। पार्कों में रखे डस्टबिनों का कचरा भी नहीं फेंका जाता है। देखरेख नहीं होने के कारण घास खराब हो गई है। पार्कों में लाखों की लागत से लगे झूले ओपन जिम मशीनें टूट चुकी हैं। पार्कों की चारदीवारी टूट गई है जिससे उसमें गोवंश घुस जाते हैं। इससे पार्क में बैठे लोगों को परेशानी होती है। पार्क में गोवंश कचरे को फैला देते हैं जिससे गंदगी फैल जाती है।
नेहरू पार्क, राव तुलाराम पार्क, नेताजी सुभाष पार्क, ब्रास मार्केट पार्क सहित सेक्टर-1, सेक्टर-3 व सेक्टर-4 के पार्कों में ओपन जिम की मशीनें व झूले टूट चुके हैं। पार्कों की सफाईकर्मी के लिए न सफाईकर्मी हैं और न ही कोई चौकीदार। सभी पार्कों में प्रतिदिन लोग सुबह व शाम टहलने जाते हैं लेकिन देखरेख की कमी से सभी पार्क खुद बीमार पड़ गए हैं। कई पार्कों में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था नहीं है।
नगर परिषद की बैठक में उठा था पार्कों का मुद्दा
नगर परिषद सभागार में इस माह हुई हाउस की बैठक में पार्षदों ने शहर के पार्कों की दयनीय हालत पर रोष जताया था। उन्होंने कहा कि पार्कों की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पार्कों की दशा खराब होने के कारण यहां घूमने वालों की संख्या घटी है। नगर परिषद के अधिकारियों ने व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था लेकिन कुछ नहीं किया गया।
पार्क में दो महीने से भरा सीवर का पानी
नालियां कचरे से पटी हैं जिससे दूषित पानी ओवरफ्लो हो रहा है। सेक्टर-1 स्थित होलिका पार्क दो महीने से सीवर का दूषित पानी भरा है जिससे उठती दुर्गंध के कारण सेक्टरवासी परेशान हैं। होलिका पार्क यह समस्या बार-बार पैदा हो रही है। प्रशासन की ओर से पार्क में सीवर का पानी भरने की समस्या दूर नहीं की गई । जलभराव से पार्क में लगी घास व पौधे भी खत्म हो गए है। अन्य पार्कों में भी चारदीवारी टूटी होने के साथ सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
वर्जन:
पार्कों की साफ-सफाई को लेकर टेंडर छोड़े जा चुके हैं। जल्द ही टूटे पड़े झूलों की मरम्मत कराई जाएगी ताकि लोगों को समस्या नहीं हो। - पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद।