संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले की अनाज मंडियों में फसल की उठान धीमी गति से हो रही है। इसके चलते मंडियां फसल से अटी पड़ी हैं। जिले में अभी तक कुल 312730 क्विंटल सरसों की आवक हुई है जिसमें 310720 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। इसमें से 213240 क्विंटल सरसों की लिफ्टिंग पूरी हो चुकी है और 95 हजार क्विंटल सरसों लिफ्टिंग का कार्य बाकी है।
वहीं, जिले में 235570 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है जिसमें 230310 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है, जबकि 138015 क्विंटल का उठान हो चुका है। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला की मंडियों में रबी सीजन के तहत सरसों व गेहूं की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार किसानों की उपज निर्धारित मानकों के अनुरूप खरीदी जा रही है और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
डीसी ने बताया कि खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। डीसी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने अनाज को तय मानकों के अनुसार सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि उनकी उपज बिना किसी रुकावट के खरीदी जा सके। जिला प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
कोसली के एसडीएम विजय कुमार यादव ने बताया कि मंडी में सरसों की खरीद हरियाणा वेयर हाउस कर रहा है। गेहूं की खरीद का कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है। मंडी में सरसों की आवक अभी तक तीन लाख 25 हजार 563 क्विंटल हो चुकी है। जिसमें से दो लाख 41 हजार 832 क्विंटल सरसों हरियाणा वेयर हाऊस कार्पोरेशन द्वारा खरीदी जा चुकी है। अब 14 हजार 678 किसान सरसों लेकर मंडी में आ चुके हैं।
एसडीएम ने बताया कि कोसली अनाज मंडी से तीन लाख 47 हजार 488 सरसों के कट्टे उठा कर गोदाम में पहुंचा दिए गए हैं। गेहूं की खरीद का काम खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा हैफेड एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। मंडी में अब तक तीन हजार 546 किसान गेहूं की उपज लेकर आ चुके हैं। कुल आवक दो लाख 14 हजार 352 क्विंटल की हुई है और एक लाख 70 हजार 685 क्विंटल गेहूं खरीद लिया गया है। उन्होंने बताया कि गेहूं के एक लाख 78 हजार 526 कट्टों का उठान हो चुका है। एसडीएम ने बताया कि बारिश के कारण मंडी में अनाज भीगने का कोई नुकसान नहीं हुआ है। अनाज को सूखा कर व साफ करने के बाद बैग भरे जाते हैं।