रेवाड़ी। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने गांव कृष्ण नगर, सुरेहली और झाड़ोदा में बैठक कर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। नशा मुक्ति टीम ने एक नशा पीड़ित व्यक्ति की काउंसलिंग करवाकर उसे रेवाड़ी के डी एडिक्शन सेंटर में भर्ती करवाया। उसे इलाज के लिए प्रेरित किया गया है।
नशा मुक्ति टीम की ओर से अब तक नशे से पीड़ित 231 लोगों की पहचान की गई है। 67 नशा पीड़ितों का इलाज करवाया गया है।
गांव में हुई बैठक में निरीक्षक रामपाल ने बताया कि पुलिस और आमजन के तालमेल से नशे पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जिससे व्यक्ति का अनमोल जीवन समय से पहले ही मौत का शिकार हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले युवा पीढ़ी को नशे से बचाना होगा। पुलिस के इस अभियान से प्रेरित होकर जहां युवा शिक्षा और खेल गतिविधियों की ओर अग्रसर हो रहे हैं वहीं पर अनेक नशा ग्रस्त युवकों ने नशा छोड़ने की पहल भी की है, जिनका स्थानीय प्रशासन की मदद से इलाज करवाकर उन्हें फिर से समाज की मुख्यधारा में शामिल किया गया है।