रेवाड़ी। शहर में शनिवार को रूटीन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट चल रही एक स्कूल बस को जब्त कर लिया। जांच में बस चालक नशे की हालत में पाया गया जिससे उसका चालान किया गया। उस समय बस में बच्चे और एक शिक्षिका भी मौजूद थीं।
ट्रैफिक थाना प्रभारी ताराचंद ने बताया कि गढ़ी बोलनी रोड स्थित पोसवाल चौक के पास पुलिस टीम ने एक स्कूल बस को देखा, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। शक होने पर बस को रुकवाकर जांच की गई। चालक के मुंह से शराब की गंध आने पर अल्कोहल मीटर से जांच की गई, जिसमें उसके शरीर में 30 से अधिक यूनिट अल्कोहल पाया गया।
चालक नशे में था और बच्चों की सुरक्षा के लिए यह गंभीर लापरवाही है। पुलिस ने चालक का 10 हजार रुपये का चालान किया और बस को जब्त कर लिया। साथ ही चालक के लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने चेसिस नंबर के आधार पर कार्रवाई की। बस में सवार बच्चों और शिक्षिका को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित घर पहुंचाया गया। पुलिस ने स्कूल संचालकों और वाहन चालकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।