अस्पताल में भर्ती घायल महिला संजू। स्रोत : वीडियो ग्रैब
कुंड। गोठड़ा गांव में एक पुश्तैनी मकान को लेकर मंगलवार सुबह परिवार में विवाद हो गया। पहले तो दोनों पक्षों में बहस हुई उसके बाद देवर ने अपनी 2 भाभी संजू (40) और बबीता (45) पर कस्सी से हमला कर दिया। युवक अपनी भाभी संजू को घसीटकर घर के अंदर ले गया और कस्सी से लगातार 5 वार किए।
हमले के बाद महिला जमीन पर बेहोश हो गई इसके बाद परिजन उसे रेवाड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें युवक अपनी भाभी पर कस्सी से हमला करते दिख रहा है। महिला काफी देर तक चिल्लाती रहीं लेकिन वो वार करता रहा। पुलिस ने कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मकान को लेकर केस कोर्ट में विचाराधीन है। एक पक्ष का आरोप है कि कोर्ट के स्टे के बावजूद दूसरे पक्ष ने सुबह मकान पर कब्जा करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने विरोध किया तो दूसरा पक्ष हाथापाई करने लगा। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चौकी में मामले की लिखित शिकायत करने की बात कही। जैसे ही पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर वापस गई तो दोनों पक्षों में फिर विवाद शुरू हो गया।