संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में बावल औद्योगिक क्षेत्र के लिए दो बड़ी घोषणाएं की हैं। श्रमिकों के लिए डारमेंट्री और एकल कक्ष बनाने और ईएसआई अस्पताल का कार्य इस वर्ष पूरा करने की घोषणा की गई है। इससे श्रमिकों और फैक्टरियों में काम करने वाले कर्मचारियों को काफी लाभ होगा।
एचएसआईआईडीसी की ओर से आईएमटी बावल में पायलट प्रोजेक्ट के तहत श्रमिकों के लिए पांच एकड़ भूमि में डारमेंट्री और एकल कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण के लिए श्रम विभाग हरियाणा और हाउसिंग फॉर ऑल विभाग की ओर से एचएसआईआईडीसी को सहयोग राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उद्योगोें में कार्यरत श्रमिकों को दैनिक, साप्ताहिक, मासिक अर्धवार्षिक एवं वार्षिक किराये पर डारमेंट्री उपलब्ध कराई जाएगी। इन इकाइयों का दैनिक संचालन स्थानीय औद्योगिक संगठन की ओर से किया जाएगा। प्रत्येक संपदा में 500 एकल कक्षा इकाइयों और 50 डारमेंट्री इकाइयों का प्रावधान किया जाएगा।
बावल में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से आए श्रमिक कार्य करते हैं। यह सुविधा मिलने के बाद श्रमिकों को काफी हद तक राहत मिल जाएगी। वहीं बावल में 100 बिस्तर वाले ईएसआई अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य आगामी वित्त वर्ष 2025-26 में पूरा कर लिया जाएगा। लंबे समय से अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है।