रेवाड़ी। गांव साहरनवास स्थित राजकीय वेटरनरी पॉली क्लीनिक में शनिवार को विश्व रेबीज दिवस पर निशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपनिदेशक डॉ. नसीब सिंह यादव ने बताया कि शिविर में पालतू और बेसहारा कुत्तों व बिल्लियों का मुफ्त टीकाकरण किया गया और दवाएं दी गईं। रेबीज के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया। शिविर का उद्देश्य रेबीज रोग पर नियंत्रण और इसका उन्मूलन करना है। वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि रेबीज वैक्सीन कुत्तों के काटने पर बचाव में प्रभावी होती है। कुत्तों को रेबीज का टीका लगाने से उनमें रेबीज वायरस के खिलाफ प्रतिरक्षा विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि सही समय पर टीकाकरण कराने से जानवरों और इंसानों को रेबीज से बचाया जा सकता है। यदि कोई कुत्ता रेबीज से संक्रमित है, तो यह वायरस उसके काटने पर अन्य जानवरों और इंसानों में फैल सकता है। डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि रेबीज खतरनाक जानलेवा बीमारी है और केवल टीकाकरण ही इसका बचाव का विकल्प है। इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र , डॉ. शेखर, डॉ. ज्योतिका यादव, डॉ. चेतन और डॉ. नेहा उपस्थित रहीं।